गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प यात्रा शुरू

Written by

in

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा का शुभारंभ विजय भवन से किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे तथा जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री सुधाकर पवार ने कलश का विधिवत पूजन किया।

कलश पूजन के बाद विजय भवन से गाजे-बाजे के साथ भव्य यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक बंधुओं, संत रविदास समाज के अनुयायियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

समरसता कलश एवं कलश रथ 20 अगस्त से 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न विकासखंडों, स्थानीय रविदास मंदिरों और ग्राम स्तर तक पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान आमला, सारणी, मुलताई, प्रभात पट्टन, आठनेर, भैंसदेही, भीमपुर, चिचोली, घोड़ाडोंगरी और बैतूल सहित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया जाएगा। 10 सितंबर को बैतूल नगर में भ्रमण के बाद शाम 6 बजे यात्रा का समापन होगा।

यात्रा के दौरान रविदास मंदिरों में सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण, प्रभात फेरी, झांकी और दीप प्रज्ज्वलन सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई और आवश्यक विकास कार्य भी कराए जाएंगे। अभियान के तहत संत सम्मेलन, आध्यात्मिक संवाद, समरसता गोष्ठी और सत्संग के माध्यम से संत रविदास जी के जीवन एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *